देश में जहां एक ओर डिजिटल इंडिया का सपना तेजी से साकार हो रहा है, वहीं दूसरी ओर इसी डिजिटल क्रांति का दुरुपयोग करते हुए पढ़े-लिखे युवा ऑनलाइन ठगी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल होते जा रहे हैं। यह स्थिति न केवल चिंताजनक है, बल्कि सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था के लिए भी बड़ा खतरा बनती जा रही है। विडंबना यह है कि जिन युवाओं से देश को आगे बढ़ाने की उम्मीद की जाती है, वही तकनीक का गलत इस्तेमाल कर लोगों को ठगने में जुटे हैं। पिछले कुछ वर्षों में साइबर क्राइम के मामलों में तेजी से वृद्धि हुई है। इनमें सबसे ज्यादा हिस्सा ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, फिशिंग, OTP धोखाधड़ी और निवेश के नाम पर ठगी जैसे मामलों का है। जांच एजेंसियों और साइबर सेल की रिपोर्ट्स बताती हैं कि इन अपराधों में शामिल बड़ी संख्या ऐसे युवाओं की है, जो पढ़े-लिखे हैं, तकनीकी जानकारी रखते हैं और बेहतर अवसरों की तलाश में थे, लेकिन आसान पैसे के लालच में गलत रास्ते पर चल पड़े।
आसान पैसा, बड़ी गलती
आज के समय में सोशल मीडिया और इंटरनेट ने कमाई के कई रास्ते खोले हैं, लेकिन इसके साथ ही लालच और त्वरित सफलता की मानसिकता भी बढ़ी है। कई युवा मेहनत और धैर्य की बजाय शॉर्टकट अपनाना चाहते हैं। यही सोच उन्हें ऑनलाइन ठगी जैसे अपराधों की ओर धकेल रही है। कुछ मामलों में देखा गया है कि इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट और आईटी जैसे क्षेत्रों से जुड़े युवा भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाए गए हैं। ऑनलाइन ठगी का नेटवर्क अब संगठित रूप ले चुका है। इसमें कॉल सेंटर जैसी व्यवस्था बनाकर लोगों को फंसाया जाता है। युवाओं को स्क्रिप्ट दी जाती है, ट्रेनिंग दी जाती है और उन्हें यह सिखाया जाता है कि किस तरह से सामने वाले व्यक्ति को भरोसे में लेकर उससे पैसे निकलवाए जाएं। यह पूरी प्रक्रिया एक "अवैध उद्योग" का रूप ले चुकी है।
बेरोजगारी और सामाजिक दबाव भी कारण
युवाओं के इस भटकाव के पीछे केवल लालच ही नहीं, बल्कि बेरोजगारी, सामाजिक दबाव और असफलता का डर भी बड़ा कारण है। पढ़ाई पूरी करने के बाद जब उन्हें उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी नहीं मिलती, तो वे हताश हो जाते हैं। ऐसे में कुछ गलत संगत में पड़कर या जल्दी पैसे कमाने के चक्कर में अपराध की राह पकड़ लेते हैं। इसके अलावा, समाज में बढ़ती दिखावे की संस्कृति भी युवाओं को प्रभावित कर रही है। महंगे मोबाइल, गाड़ियां, ब्रांडेड कपड़े और लग्जरी लाइफस्टाइल की चाहत उन्हें ऐसे रास्ते अपनाने के लिए मजबूर कर रही है, जो अंततः उनके जीवन को बर्बाद कर देते हैं।
तकनीक का दुरुपयोग: चुनौती बनती साइबर दुनिया
आज हर व्यक्ति मोबाइल और इंटरनेट से जुड़ा हुआ है। डिजिटल पेमेंट, ऑनलाइन बैंकिंग और ई-कॉमर्स ने जीवन को आसान बना दिया है, लेकिन इसी के साथ साइबर अपराधियों के लिए नए अवसर भी पैदा कर दिए हैं। पढ़े-लिखे युवा तकनीक को बेहतर समझते हैं, इसलिए वे सिस्टम की कमजोरियों का फायदा उठाकर ठगी को अंजाम देते हैं फर्जी वेबसाइट बनाना, लिंक भेजकर डेटा चोरी करना, बैंक बनकर कॉल करना, KYC अपडेट के नाम पर जानकारी लेना—ये सब तरीके अब आम हो चुके हैं। कई मामलों में तो अपराधी इतने पेशेवर होते हैं कि आम व्यक्ति उनके झांसे में आसानी से आ जाता है।
रोज 87 लोग हो रहे साइबर क्राइम का शिकार, इंदौर क्राइम ब्रांच के आंकड़ों ने चौंकाया
इंदौर शहर में साइबर ठगी के मामले जिस तेजी से बढ़ रहे हैं, उसने पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। केवल मार्च माह के आंकड़ों पर नजर डालें तो क्राइम ब्रांच के पास साइबर धोखाधड़ी की कुल 2600 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इसके अनुसार शहर में हर दिन लगभग 87 लोग साइबर अपराधियों के जाल में फंसकर अपनी गाढ़ी कमाई गंवा रहे हैं। हालांकि पुलिस लगातार जागरूकता अभियान और साइबर पाठशाला के माध्यम से लोगों को सचेत कर रही है, लेकिन अपराधियों के नए-नए तरीके आम जनता पर भारी पड़ रहे हैं।
ठगी के नए तरीके आ रहे
अपराधी अब केवल पुराने तरीकों तक सीमित नहीं हैं। अब बिजली कनेक्शन काटने, गैस कनेक्शन बंद होने या बैंक अधिकारी बनकर फोन करने के साथ-साथ एपीके (APK) फाइल का उपयोग किया जा रहा है। अपराधी पीड़ित को एक संदेहास्पद एपीके फाइल भेजते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति उस फाइल पर क्लिक करता है, उसके मोबाइल का पूरा एक्सेस ठगों के पास चला जाता है। इसके बाद बिना किसी ओटीपी के खातों से पैसे निकाल लिए जाते हैं। अक्सर पीड़ित को इस बात की भनक तब लगती है जब बैंक से पैसा कटने का मैसेज प्राप्त होता है।
1930 पर तुरंत करें शिकायत
राहत की बात यह है कि क्राइम ब्रांच अब त्वरित कार्रवाई कर रही है। यदि पीड़ित समय रहते पुलिस तक पहुंचता है, तो पैसों की वापसी संभव हो पा रही है। पिछले तीन महीनों में पुलिस ने ठगों के बैंक खाते ब्लॉक करवाकर लगभग पौने दो करोड़ रुपये रिफंड करवाए हैं। इसके अलावा, अब पीड़ितों के लिए ई-एफआईआर की व्यवस्था भी शुरू की गई है। नेशनल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करते ही ई-एफआईआर दर्ज हो जाती है, जिसे बाद में संबंधित थाने में असल कायमी के लिए भेजा जाता है। इस नई व्यवस्था के कारण पिछले दस दिनों में ही इंदौर के विभिन्न थानों में 50 से अधिक केस दर्ज किए जा चुके हैं।
सरकार और एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती
ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों ने सरकार और जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि साइबर सेल और पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन अपराधियों के नए-नए तरीके और तकनीकी जटिलताएं उन्हें पकड़ने में मुश्किल पैदा करती हैं। सरकार ने साइबर अपराधों से निपटने के लिए कई पहल की हैं, जैसे हेल्पलाइन नंबर 1930, साइबर क्राइम पोर्टल, डिजिटल साक्षरता अभियान आदि। लेकिन इन प्रयासों को और प्रभावी बनाने की जरूरत है। खासकर युवाओं को सही दिशा देने और उन्हें इस तरह के अपराधों से दूर रखने के लिए ठोस रणनीति बनानी होगी।
शेयर ट्रेडिंग और अतिरिक्त आय का लालच फंसा रहा
ठगी के इन मामलों में सबसे ज्यादा मामले शेयर ट्रेडिंग के नाम पर सामने आ रहे हैं। साइबर अपराधी अतिरिक्त आय का लालच देकर लोगों को निवेश के लिए उकसाते हैं। हैरानी की बात यह है कि इन शिकार होने वालों में केवल कम पढ़े-लिखे लोग ही नहीं, बल्कि डॉक्टर, इंजीनियर, बड़े व्यापारी और बड़ी संख्या में घरेलू महिलाएं भी शामिल हैं। लालच के इसी चक्रव्यूह का फायदा उठाकर ठग लाखों रुपयों पर हाथ साफ कर रहे हैं।
मौत को लगा रहे गले?
पढ़ाई, रिश्तों और अकेलेपन के दबाव में टूटते युवा
इंदौर को देश के सबसे उभरते हुए शिक्षा केंद्रों में गिना जाता है। मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर से हजारों छात्र-छात्राएं यहां बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर आते हैं। कोचिंग संस्थान, कॉलेज, प्रोफेशनल कोर्स और करियर की संभावनाएं, सब कुछ यहां मौजूद है। लेकिन इसी चमक के पीछे एक कड़वी सच्चाई भी लगातार सामने आ रही है, युवाओं में बढ़ता मानसिक तनाव और आत्महत्या की घटनाएं।
सरकारी आंकड़े भले ही सीमित हों, लेकिन पुलिस रिकॉर्ड और लगातार सामने आ रही खबरें एक खतरनाक ट्रेंड की ओर इशारा कर रही हैं। यह सवाल अब गंभीर हो चुका है कि क्या इंदौर केवल शिक्षा का हब बन रहा है, या फिर यह धीरे-धीरे मानसिक दबाव का केंद्र भी बनता जा रहा है? इंदौर में हर साल सैकड़ों आत्महत्या के मामले दर्ज होते हैं। इनमें सबसे बड़ा हिस्सा 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग का है, यानी वही युवा जो पढ़ाई, करियर और रिश्तों के सबसे संवेदनशील दौर से गुजर रहे होते हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले युवक-युवतियां कुछ दिनों तक तो पढ़ाई में ध्यान लगाते हैं, लेकिन धीरे-धीरे शहर की चकाचौंध में वो पढ़ाई-लिखाई छोड़ दोस्ती करने, घूमने-फिरने और पिकनिक स्पॉट पर जाकर मस्ती करने में व्यतीत करते हैं। घूमना-फिरना गलत नहीं है, लेकिन नशे की चपेट में आकर अपना जीवन खराब कर रहे हैं। दरअसल, कोराना काल में जिस तरह से घर बैठकर ऑनलाइन पढ़ाई होती थी और उसे अब भी कई जगह लागू कर दिया है, ठीक इसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों के युवक-युवकों को शहरों में भेजने के बजाए ऑनलाइन क्लासेस के माध्यम से पढ़ाई करवाई जानी चाहिए। वैसे भी ज्यादातर कोचिंग सेंटरों में पढ़ाई न के बराबर हो रही है। और खेल पूरी तरह से मोटी कमाई का चल रहा है। अभी हाल ही में इंदौर में भंवरकुआं थाना क्षेत्र में एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली। पुलिस कारणों की जांच कर रही है। दूसरा ये जिन ग्रामीण क्षेत्रों से ये युवक-युवतियां इंदौर आकर पढ़ाई करते हैं, वो लिव इन में रहने लग जाते हैं और मामूली विवाद में या दोनों में से कोई एक आत्महत्या कर रहा है। इसके पीछे बदनामी का भी डर होता है।
पढ़ाई का दबाव से भी रहने लगते हैं तनाव में : कुछ कारण पढ़ाई का दबाव भी सामने आता है, जिसकी वजह से छात्र-छात्राएं आत्महत्या कर लेते हैं। परिवार का दबाव तो होता ही है, साथ ही एक-दूसरे के साथ प्रतिस्पर्धा की होड़ में भी ये लोग आत्महत्या जैसे कदम उठा रहे हैं। परीक्षाओं के दौरान रिजल्ट खराब आया कि सबसे ज्यादा उन्हें तनाव ये होता है कि मां-बाप ने कितना पैसा खर्च किया और हम उनके सपनों को पूरा नहीं कर पाए और इस वजह से भी कई विद्यार्थी आत्महत्या कर लेते हैं।
12वीं फेल होने पर छात्रा ने जहर खाया मौत
गांधी नगर में रहने वाली खुशी (18)पुत्री आलोक मौर्य ने जहर खा लिया था। उसका निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि खुशी तीन सब्जेक्ट में फेल हो गई थी। इसके बाद से वह डिप्रेशन में चल रही थी। परिजनों ने बताया कि जिस दिन उसका रिजल्ट आया। उस दिन वह रो रही थी। तब उसे समझाया था कि वह इस साल फिर से मेहनत कर ले, लेकिन वह डिप्रेशन में चली गई। परिवार ने बताया कि स्कूल के और भी बच्चों का रिजल्ट बिगड़ा है। पुलिस के मुताबिक उन्हें किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों के बयान के बाद मामले में जांच की जा रही है।

Post a Comment