उज्जैन में गैंगवार के चलते एक हिस्ट्रीशीटर के मकान को आग के हवाले कर दिया गया। विरोधी गैंग के बदमाशों ने घर पर पेट्रोल डालकर आग लगाई और मौके से फरार हो गए।
यह घटना 11 अप्रैल की रात की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज सोमवार को सामने आया। वीडियो में एक मकान के बाहर खड़े कई बदमाश दिखाई दे रहे हैं। उनके हाथों में चाकू और अन्य हथियार नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ साथी थोड़ी दूरी पर दोपहिया वाहनों पर मौजूद थे।
फुटेज में देखा गया कि एक बदमाश ने बोतल से पेट्रोल निकालकर मकान पर डाला, जबकि दूसरे ने आग लगाई। कुछ ही सेकंड में पूरा मकान जलने लगा।
चिमनगंज मंडी थाना के टीआई विवेक के अनुसार, CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, इस वारदात में 10-12 से ज्यादा बदमाश शामिल थे, जो एक स्थानीय गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुरानी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया। जिस व्यक्ति का मकान जलाया गया, उस पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
घटना के दौरान सड़क पर पेट्रोल फैलने से दो बदमाश खुद ही आग की चपेट में आ गए और भागते नजर आए। CCTV में उनके कपड़ों में आग लगती दिखाई दे रही है।
हमले के दौरान फायरिंग की भी बात सामने आई है। इस दौरान 14 वर्षीय एक बच्ची बाल-बाल बच गई, जो अपनी मां के साथ वहां से गुजर रही थी।

Post a Comment