मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बढ़ रहे तनाव के बीच चीन ने ईरान को हथियार आपूर्ति करने या उसकी तैयारी से जुड़ी अमेरिकी खुफिया रिपोर्टों को पूरी तरह बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण बताया है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जिया ने कहा कि हम ऐसे आरोपों का पुरजोर विरोध करते हैं। चीन ने सैन्य निर्यात को लेकर हमेशा सतर्क और जिम्मेदार रवैया अपनाया है और अपने नियमों व अंतरराष्ट्रीय दायित्वों के तहत सख्त नियंत्रण लागू किए हैं।

यह प्रतिक्रिया अमेरिकी खुफिया सूत्रों के हवाले से एक अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट के बाद आई, जिसमें दावा किया गया था कि चीन, ईरान को एयर डिफेंस सिस्टम और शोल्डर-फायर एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइलें (MANPADS) देने की तैयारी कर रहा है। हालांकि चीन ने दोहराया कि वह किसी भी पक्ष को हथियार नहीं दे रहा और लगाए जा रहे सभी आरोप निराधार हैं।

होर्मुज को लेकर भी चीन ने सभी पक्षों से शांति और संयम बरतने की अपील की है। प्रवक्ता गुओ जिया ने कहा कि इस जलमार्ग को सुरक्षित, स्थिर और निर्बाध बनाए रखना पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय के हित में है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित पक्ष युद्धविराम का पालन करेंगे और विवादों को राजनीतिक व कूटनीतिक तरीकों से सुलझाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। चीन ने यह भी कहा कि वह संकट के समाधान में सकारात्मक भूमिका निभाने को तैयार है और हाल ही में शुरू हुई वार्ता को तनाव कम करने की दिशा में अहम कदम बताया।

इस बीच, डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि यदि कोई देश ईरान को हथियार बेचता है, तो उसके सामान पर 50 प्रतिशत तक टैरिफ लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होता पाया गया, तो कड़ी आर्थिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post