इंदौर |
जिला प्रशासन की पहल पर इंदौर में विश्व की सबसे बड़ी आत्मरक्षा कार्यशाला 'रक्षम' का आयोजन किया गया। निर्भया दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यशाला में जिले के स्कूल-कॉलेज की 15 हजार से ज्यादा छात्राओं और महिलाओं ने भागीदारी की। कार्यशाला में छात्राओं को किसी भी परिस्थिति का सामना करना सिखाया गया।

जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन तथा इंदौर स्थित एनजीओ ज्वाला (वायस आफ वुमेन) द्वारा एक अनूठी पहल के तहत विश्व की सबसे बड़ी आत्मरक्षा कार्यशाला 'रक्षम' का आयोजन किया गया। निर्भया दिवस के अवसर पर 16 दिसंबर को इंदौर के नेहरू स्टेडियम में सुबह 10 बजे से कार्यशाला आयोजित की गई। कलेक्टर डा. इलैया राजा टी ने बताया कि 'रक्षम' आत्मरक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से लगभग 15 हजार स्कूल-कॉलेज तथा निजी शिक्षण संस्थाओं की छात्राओं और महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी सुरक्षा करने के उद्देश्य से एक अभूतपूर्व कार्यक्रम आयोजित किया गया।

यह कार्यशाला इंदौर को देश का सबसे सुरक्षित शहर बनाने की ओर एक बड़ा कदम है। इस कार्यशाला के माध्यम से महिलाओं को किसी भी तरह की परिस्थिति का सामना पूरे आत्मविश्वास के साथ करने का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी छात्राओं और महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। ज्वाला संस्था की संस्थापक डा. दिव्या गुप्ता ने बताया कि इंदौर शहर अब सुरक्षा के मामले में नया मानक स्थापित कर रहा है। दुनिया के सबसे बड़े आत्मरक्षा कार्यक्रम से इंदौर एक सुरक्षित समुदाय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए हजारों लोगों को सशक्त बनाने जा रहा है। यह पहल सिर्फ एक रिकार्ड नहीं है, बल्कि सुरक्षित कल की ओर हम सभी का एक बड़ा कदम है।

Post a Comment

Previous Post Next Post