पूर्वी रिंग रोड प्रोजेक्ट के विरोध में जिले के प्रभावित किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों के समक्ष प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। किसानों ने मुआवजा राशि चार गुना करने और नगद भुगतान की मांग रखी।

करीब 30 से अधिक गांवों के सैकड़ों किसानों ने विरोध स्वरूप अर्धनग्न होकर तख्तियां लेकर कंपनी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि प्रस्तावित पूर्वी रिंग रोड का निर्माण लगभग 38 गांवों की उपजाऊ और सिंचित कृषि भूमि से होकर किया जा रहा है, जिससे हजारों किसान परिवारों की आजीविका प्रभावित होगी।

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना उनकी स्वीकृति भूमि अधिग्रहण नहीं किया जाए। किसानों ने प्रोजेक्ट को निरस्त करने की मांग करते हुए कहा कि यदि शहर के विकास के लिए सड़क निर्माण आवश्यक हो, तो वर्तमान अलाइनमेंट से लगभग पांच किलोमीटर दूर शासकीय, बंजर या कम उपजाऊ भूमि से मार्ग निकाला जाए, ताकि उपजाऊ कृषि भूमि सुरक्षित रह सके।

प्रभावित किसानों की प्रमुख मांग है कि अधिग्रहित की जा रही भूमि का वर्तमान बाजार मूल्य से कम से कम चार गुना मुआवजा एकमुश्त नगद दिया जाए। साथ ही सभी किसानों को समान दर पर बढ़ी हुई मुआवजा राशि प्रदान की जाए।

प्रदर्शन में कोदरिया, गवली पलासिया, जामली और अंबाचंदन सहित अन्य गांवों के किसानों ने भाग लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post