इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में एक किराए के कमरे से 25 वर्षीय लापता युवती का शव बरामद किया गया है। युवती 10 फरवरी से लापता थी। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव संदिग्ध अवस्था में मिला, जिसके बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, युवती अपने पिता के साथ घर से निकली थी और बाद में अपनी बहन को फोन कर बताया था कि वह अपने क्लासमेट पियूष (मंदसौर निवासी) के साथ एक जन्मदिन कार्यक्रम में जा रही है। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह घर नहीं लौटी।
अगले दिन कॉलेज के एक व्हाट्सऐप ग्रुप में युवती का एक आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किए जाने की जानकारी सामने आई। कॉलेज प्रबंधन ने वीडियो हटाकर परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
परिवार का आरोप है कि शुरुआती स्तर पर तलाश में गंभीरता नहीं बरती गई। शुक्रवार को उसी क्लासमेट के किराए के कमरे से दुर्गंध आने की शिकायत पर पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां युवती का शव मिला।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक ने युवती के मोबाइल से वीडियो स्टेटस पर डालकर और कुछ संपर्कों पर भेजा था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और संबंधित युवक की तलाश जारी है।

Post a Comment