शहर की समस्याओं के त्वरित और मौके पर समाधान के उद्देश्य से महापौर श्री पुष्यमित्र सप्ताह में दो दिन सीधे जनता के बीच पहुंचकर ‘संकल्प से समाधान’ जनता चौपाल लगा रहे हैं। बुधवार को इसकी शुरुआत की गई। महापौर पहले दोपहिया वाहन पर क्षेत्र का भ्रमण करने पहुंचे और पूरे इलाके का निरीक्षण किया। इसके बाद चौपाल लगाकर जनता की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए।
प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘संकल्प से समाधान’ शिविरों की तर्ज पर यह पहल शुरू की गई है। इसकी शुरुआत एक प्रमुख विचारक की पुण्यतिथि के अवसर पर की गई। उनका मूल मंत्र “अंतिम व्यक्ति का उदय” रहा है। इसी भावना के साथ महापौर ने जनता से सीधे संवाद कर समस्याओं के मौके पर समाधान का लक्ष्य तय किया है।
वार्ड 74 में पहली चौपाल
बुधवार सुबह महापौर दोपहिया वाहन से वार्ड 74 में पहुंचे और क्षेत्र का निरीक्षण किया। उनके साथ स्थानीय विधायक मधु, पार्षद सुनीता, एमआईसी सदस्य अभिषेक, अपर आयुक्त श्रृंगार और महापौर प्रतिनिधि भारत मौजूद थे।
चौपाल से पहले क्षेत्र की सड़कों, गार्डन और अन्य स्थानों का जायजा लिया गया। राह चलते लोगों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं जानी गईं। इसके बाद निर्धारित स्थानों पर जनता चौपाल आयोजित की गई, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
लोगों ने कहा कि शहर में विकास कार्य हुए हैं, लेकिन कुछ स्थानीय समस्याओं पर ध्यान देने की आवश्यकता है। खेल मैदान में रनिंग ट्रैक बनाने की मांग भी रखी गई।
महापौर ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
महापौर ने बताया कि जनता चौपाल अब सप्ताह में दो दिन अलग-अलग वार्डों में आयोजित की जाएगी। चौपाल से पहले क्षेत्र का निरीक्षण, फिर जनसंवाद और उसके बाद समस्याओं का पंजीयन किया जाएगा। लगभग तीन घंटे तक चलने वाली इस प्रक्रिया में नगर निगम के 12 विभागों के अधिकारी और विभागाध्यक्ष उपस्थित रहेंगे।
इस पहल का उद्देश्य यह है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अब दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके पास पहुंचे।


Post a Comment