नई दिल्ली (ईएमएस)। रेलवे मंत्रालय ने वंदे भारत ट्रेनों को लेकर नई घोषणाएं की हैं। इनमें एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत शामिल है, जबकि दो अन्य वंदे भारत ट्रेनों को इस सप्ताह से बंद किया जा रहा है।
नई वंदे भारत एक्सप्रेस राजस्थान और गुजरात को जोड़ेगी। यह सेमी-हाई स्पीड ट्रेन उदयपुर सिटी से असरवा (अहमदाबाद) के बीच चलेगी। ट्रेन का संचालन और मेंटेनेंस उत्तर पश्चिम रेलवे (NWR) करेगा। इससे प्रदेश में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ेगी और अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन मिलेगा।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन नंबर 20981/82 (उदयपुर सिटी–आगरा कैंट–उदयपुर सिटी) वंदे भारत एक्सप्रेस 15 फरवरी से बंद रहेगी। वहीं, ट्रेन नंबर 20979/80 (उदयपुर सिटी–जयपुर–उदयपुर सिटी) वंदे भारत एक्सप्रेस 14 फरवरी से बंद की जाएगी।
नई उदयपुर सिटी–असरवा (अहमदाबाद)–उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 26963/26964) मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी।
-
ट्रेन 26963 उदयपुर सिटी से सुबह 6:10 बजे प्रस्थान कर 10:25 बजे असरवा पहुंचेगी।
-
ट्रेन 26964 असरवा से शाम 5:45 बजे रवाना होकर रात 10:00 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी।
यह ट्रेन जावर, डूंगरपुर और हिम्मतनगर स्टेशनों पर ठहरेगी। ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 160 किमी प्रति घंटा होगी। यात्रियों को तेज, आरामदायक और प्रीमियम यात्रा अनुभव मिलेगा।

Post a Comment