फसल में अक्सर पौधों और पत्तियों पर कीड़े लग जाते हैं, जिन्हें ढूंढना किसानों के लिए काफी मुश्किल होता है। जांच में घंटों लग जाते हैं और तब तक फसल को नुकसान हो सकता है। अब इस समस्या का समाधान एआई तकनीक से तैयार एक खास रोबोट के जरिए किया जा रहा है।
असम की एक कंपनी ने इस एआई आधारित रोबोट को विकसित किया है। हाल ही में ‘विकसित भारत’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में भारत मंडपम में इसका प्रदर्शन किया गया, जहां इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
कंपनी की प्रतिनिधि ने बताया कि इस रोबोट का नाम ‘टैरोबोट’ है। इसे चलाने के लिए किसानों को विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है। यह रोबोट रिमोट कंट्रोल से संचालित होता है और इसमें लगा कैमरा सीधे रिमोट की स्क्रीन पर लाइव दृश्य दिखाता है।
यह रोबोट पूरी फसल की बारीकी से जांच कर सकता है। किसान इसे खेत के किसी भी हिस्से में भेज सकते हैं। हर पत्ती और पौधे की तस्वीर स्क्रीन पर दिखाई देती है, जिससे तुरंत पता चल जाता है कि कहीं कीट संक्रमण तो नहीं है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह रोबोट खुद भी कीड़ों की पहचान कर स्क्रीन पर संकेत देता है। इसके बाद किसान रिमोट की मदद से प्रभावित पत्तियों या हिस्सों को अलग कर सकते हैं। खास बात यह है कि यह रोबोट धूप, बारिश और गर्मी—तीनों परिस्थितियों में काम करने में सक्षम है।
किसानों के लिए इस पर सब्सिडी की सुविधा भी दी जा रही है। इसकी कीमत करीब 20,000 रुपये बताई गई है, जबकि जरूरत पड़ने पर इसे 200 रुपये प्रतिदिन किराए पर भी लिया जा सकता है। किसानों को नियमित रूप से इसकी ट्रेनिंग दी जा रही है।

Post a Comment