इंदौर के रावजी बाजार क्षेत्र में पारिवारिक कलह के चलते एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसके दोनों छोटे बच्चे घर के अंदर ही मौजूद थे। बताया जा रहा है कि बच्चों ने पिता के पैर पकड़कर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन युवक ने उन्हें खुद से दूर कर दिया और फंदे पर झूल गया। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया गया।

शनिवार को अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की गई। रावजी बाजार पुलिस के अनुसार मृतक मनोज (उम्र लगभग 30 वर्ष), निवासी स्थानीय क्षेत्र, किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के मुताबिक शुक्रवार रात पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी छोटी बच्ची को लेकर पास में ही रिश्तेदार के घर चली गई थी। इसके बाद परिजन उनसे मिलने पहुंचे थे और फिर वापस लौट गए। मृतक सरवटे बस स्टैंड के पास एक होटल में खाना बनाने का काम करता था।

घटना के समय घर में तीन और दो साल के दो मासूम बच्चे मौजूद थे। घटना के बाद दोनों बच्चे रोते रहे। आसपास के लोगों ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो युवक फंदे पर लटका हुआ मिला। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




👉 “यह खबर भी पढ़ें”

Post a Comment

Previous Post Next Post