इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में छेड़छाड़ की बात को लेकर रविवार देर रात दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे और पत्थरों से हमला कर दिया। सूचना मिलते ही बाणगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ युवकों को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार घटना जगदीश नगर की एक गली की है। रात करीब 12 बजे युवकों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि विवाद करने वाले युवक नशे की हालत में थे। दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना के दौरान स्थानीय रहवासियों ने एहतियातन अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में रहने वाली एक युवती से छेड़छाड़ के आरोप को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसी बात पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट के दौरान परिवार के लोग भी बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन युवकों ने उनके साथ भी अभद्रता की।
पुलिस को रात में घटना का वीडियो भी मिला, जिसके आधार पर कुछ युवकों की पहचान की गई। कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सभी आरोपी युवक छोटे-मोटे कामकाज से जुड़े बताए जा रहे हैं। इलाके में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

Post a Comment