इंदौर से लापता 10वीं कक्षा की एक छात्रा रविवार रात नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित मिली। रेलवे पुलिस ने उसे संदिग्ध अवस्था में स्टेशन परिसर में घूमते देखा और पूछताछ के बाद परिजनों से संपर्क किया। छात्रा की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार छात्रा इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी की रहने वाली है। वह एक निजी स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा है। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे वह कोचिंग के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसी रात संबंधित थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रविवार को उसके सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए, जिनमें वह पैदल जाती हुई दिखाई दी। परिवार को आशंका थी कि उसके साथ कोई अनहोनी न हो गई हो।
रविवार रात नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस ने छात्रा को संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि पढ़ाई को लेकर मां की डांट से नाराज होकर वह घर से निकल गई थी। उसने कहा कि वह अपने नाना के घर भोपाल जाने के लिए ट्रेन में बैठी थी, लेकिन गलती से दिल्ली जाने वाली ट्रेन में चढ़ गई।
दिल्ली पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद भोपाल से उसका एक परिजन उसे लेने दिल्ली रवाना हुआ। फिलहाल छात्रा को पुलिस संरक्षण में रखा गया है। परिवार के अनुसार, छात्रा मानसिक रूप से कमजोर है, जिससे वे काफी चिंतित थे। उसके सुरक्षित मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली है।

Post a Comment