इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक महिला कलाकार ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर गुरुवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता, जो इंदौर की रहने वाली और पेशे से सिंगर है, ने आरोप लगाया कि आरोपी ने शुरुआत में खुद को हिंदू नाम से परिचित कराया। दोनों की मुलाकात फरवरी 2024 में सिलीगुड़ी में आयोजित एक इवेंट के दौरान हुई थी। परिचय बढ़ने के बाद आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रखा और भरोसा दिलाया कि वह उससे विवाह करेगा।

महिला के अनुसार, 2 अगस्त 2024 को आरोपी उसे इस्कॉन मंदिर के पास स्थित अपने कमरे पर ले गया। वहां उसने मांग में सिंदूर भरकर खुद को उसका पति बताते हुए शादी का विश्वास दिलाया और शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि इसके बाद भी आरोपी शादी का आश्वासन देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

महिला का आरोप है कि गर्भवती होने के बाद उसे आरोपी की वास्तविक पहचान का पता चला। तब उसे जानकारी मिली कि आरोपी का नाम मोहम्मद राहुल है और उसके अन्य युवतियों से भी संबंध रहे हैं।

पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी की बात दोबारा उठाई तो आरोपी ने कथित रूप से मुस्लिम धर्म अपनाने, बुर्का पहनने और बेटा होने पर उसका खतना कराने की शर्त रखी। इसके बाद उसने उससे दूरी बना ली।

महिला अक्टूबर 2025 में अपनी एक सहेली के पास दिल्ली चली गई, जहां एक अस्पताल में उसने बेटे को जन्म दिया। बाद में वह बच्चे के साथ इंदौर लौट आई और अपनी मां के साथ रहने लगी।

शिकायत के मुताबिक, मार्च 2026 में आरोपी को उसके इंदौर लौटने की जानकारी मिली। इसके बाद वह महिला की मां के घर पहुंचा और उसके साथ रहने का दबाव बनाने लगा। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने बच्चे को अपना बताते हुए विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की तथा उसे और उसकी मां को जान से मारने की धमकी भी दी।

इसके बाद महिला ने अपनी सहेली और अन्य परिचितों की मदद से बाणगंगा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद राहुल के खिलाफ दुष्कर्म, शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post