इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में पुरानी दुश्मनी के चलते शुक्रवार देर रात एक 26 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने युवक को घेरकर उस पर हमला किया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विशाल उर्फ नानू उम्र (26) के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

एसीपी रुबिना मिजवानी ने बताया कि घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद विशाल ने पुलिस को हमलावरों के संबंध में जानकारी दी थी। इसी आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपियों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के कारण पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल संदिग्धों की उम्र कम बताई जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही आरोपियों के संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिए उनके परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। हत्या के पीछे की सटीक वजह का खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post