इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के बाद एक मीडियाकर्मी द्वारा ठेकेदार पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना के अगले दिन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसका इलाके में जुलूस निकाला गया और फिर न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। वहीं घायल ठेकेदार की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका आईसीयू में इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार घटना तंजीम नगर इलाके की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मीडियाकर्मी आरिफ और ठेकेदार शानू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के बीच कहासुनी होने के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन कुछ देर बाद ठेकेदार आरोपी के घर के बाहर पहुंच गया। आरोप है कि वहां दोनों के बीच दोबारा विवाद हुआ और अपशब्द कहे गए।
इसी दौरान आरिफ घर से चाकू लेकर बाहर आया और उसने शानू पर कई वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल शानू सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे ऑटो के जरिए बॉम्बे अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसके पेट में गंभीर चोटें आई हैं और वह आईसीयू में भर्ती है।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरे घटनाक्रम के कैद होने की बात कही जा रही है।
पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी आरिफ को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार पहले उसे सीधे जेल भेजने की तैयारी थी, लेकिन मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद उसे रास्ते से वापस बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी का इलाके में जुलूस निकालते हुए कार्रवाई की जानकारी लोगों को दी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Post a Comment