चीन में एक व्यक्ति के घर से 300 से अधिक अजगर मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना का खुलासा तब हुआ जब वर्ष 2024 में एक बुजुर्ग ने पहाड़ी क्षेत्र के पास एक विशाल अजगर देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। शुरुआती जांच के बाद जो तथ्य सामने आए, उन्होंने अधिकारियों और स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शुरुआती जांच में पुलिस को संदेह हुआ कि मिला हुआ अजगर स्थानीय प्रजाति का नहीं है। इसके बाद आसपास के इलाके में जांच अभियान तेज किया गया। इस दौरान उन मकानों पर विशेष नजर रखी गई, जहां सामान्य से अधिक बिजली की खपत हो रही थी। जांच के दौरान एक व्यक्ति पुलिस के संदेह के दायरे में आया, जो अकेले रहता था। उसके घर पर नियमित रूप से छोटे सफेद चूहों के पार्सल पहुंचते थे, जिनका उपयोग आमतौर पर सांपों के भोजन के रूप में किया जाता है।

पुलिस ने जब उसके घर पर छापा मारा तो अंदर का दृश्य देखकर अधिकारी भी चौंक गए। मकान के कई कमरों में प्लास्टिक के सैकड़ों डिब्बे रखे थे और अधिकांश डिब्बों में एक-एक अजगर मौजूद था। आरोपी ने अपने रहने के लिए केवल एक कमरा रखा था, जबकि बाकी पूरा घर सांपों के पालन के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से कुल 309 अजगर बरामद किए, जिन्हें बाद में सुरक्षित रूप से चिड़ियाघर भेज दिया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कई वर्षों से अजगरों की ब्रीडिंग कर रहा था और अब तक करीब 80 सांप बेच चुका था। पूछताछ में उसने बताया कि बचपन से ही उसे सांप पालने का शौक था। वह अलग-अलग रंगों और पैटर्न वाले अजगर तैयार करने की कोशिश कर रहा था और इसी कारण यह काम कर रहा था।

मामले की जांच के दौरान दो अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई। इनमें से एक व्यक्ति सांपों की बिक्री में उसकी मदद करता था, जबकि दूसरे ने शुरुआती दौर में उसे अजगर उपलब्ध कराए थे। पुलिस ने दोनों के ठिकानों पर कार्रवाई कर वहां से भी कई अजगर बरामद किए। पूरे मामले में कुल 436 अजगर मिले हैं, जिनकी कीमत करोड़ों युआन आंकी गई है। अदालत ने तीनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए जेल भेज दिया।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post