इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ऑर्डर के नाम पर महंगा आईफोन लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। आरोपी ने करीब 1 लाख 34 हजार 900 रुपये कीमत का आईफोन 17 प्रो (256 जीबी) मंगवाया और बिना भुगतान किए मौके से भाग निकला। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, एक 30 वर्षीय युवक ने शिकायत दर्ज कराई है, जो शहर की एक मोबाइल दुकान में स्टोर मैनेजर के पद पर कार्यरत है। शिकायत में बताया गया कि 1 जून को दिलीप नाम के व्यक्ति ने आईफोन 17 प्रो (256 जीबी) का ऑर्डर दिया था।
ऑर्डर की डिलीवरी के लिए स्टोर मैनेजर ग्राहक द्वारा बताए गए निपानिया क्षेत्र के एक फ्लैट पर पहुंचा। बातचीत के दौरान आरोपी ने मौका देखकर टेबल पर रखा आईफोन उठाया और बिना भुगतान किए वहां से फरार हो गया।
घटना के बाद स्टोर मैनेजर ने अपने स्तर पर आरोपी की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। प्रारंभिक जांच के बाद रविवार को अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment