इंदौर शहर में 200 रुपये का नकली नोट चलाने की कोशिश एक युवक को महंगी पड़ गई। रेस्टोरेंट संचालक की सतर्कता से आरोपी मौके पर ही पकड़ लिया गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के आधार पर उसके एक साथी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से करीब 44 हजार रुपये के नकली नोट और नोट छापने में इस्तेमाल होने वाली प्रिंटिंग मशीन बरामद की गई है।
गांधी नगर थाना पुलिस के अनुसार, 25 जून को एक युवक राजनगर क्षेत्र स्थित सांवरिया रेस्टोरेंट पर चाय-नाश्ता करने पहुंचा। खाने के बाद उसने भुगतान के लिए 200 रुपये का नोट दिया। नोट देखते ही रेस्टोरेंट संचालक को उस पर संदेह हुआ। इसके बाद कर्मचारी की मदद से युवक को वहीं रोक लिया गया और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम दीपक बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 4 हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए।
पूछताछ में दीपक ने बताया कि उसे ये नकली नोट सिंगापुर टाउनशिप निवासी संजय ने दिए थे। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने संजय को गिरफ्तार कर लिया। उसकी तलाशी में करीब 40 हजार रुपये के नकली नोट और नोट छापने में उपयोग की जाने वाली प्रिंटिंग मशीन जब्त की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संजय ने दीपक को बाजार में नकली नोट चलाने के लिए दिए थे। पुलिस के मुताबिक, संजय पहले भी नकली नोट के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। जमानत पर रिहा होने के बाद उसने दोबारा यही अवैध कारोबार शुरू कर दिया। फिलहाल पुलिस उसके पूरे नेटवर्क और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

Post a Comment