इंदौर में शनिवार को यूरोलॉजी की इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस USICON-2026 के दौरान एक महिला डॉक्टर की प्रेजेंटेशन के समय अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे मंच पर गिर पड़ीं। चार दिन तक चले इलाज के बाद आज तड़के उनकी मौत हो गई।
डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें पहले से ही ब्रेन एन्यूरिज्म की समस्या थी, जिसके चलते वे वेंटिलेटर पर थीं। घटना वाले दिन दोपहर में मौके पर मौजूद डॉक्टरों और डेलिगेट्स ने तुरंत उन्हें सीपीआर दिया। इसके बाद उन्हें पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से शाम को दूसरे बड़े अस्पताल में रेफर किया गया।
जांच में सामने आया कि ब्रेन की नस का एक हिस्सा कमजोर था, जो अचानक फट गया। इससे तेज ब्लीडिंग हुई और वे बेहोश हो गई थीं। उनकी हालत नाजुक होने पर उन्हें एयरलिफ्ट करने की तैयारी थी, लेकिन परिजनों की सहमति से इंदौर के ही एक अन्य अस्पताल में रेफर किया गया, जहां आज तड़के उन्होंने दम तोड़ दिया।
महिला डॉक्टर मूल रूप से पूर्वोत्तर भारत की रहने वाली थीं। उनका परिवार बौद्ध समाज से जुड़ा है। इसी कारण उनके शव को मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जहां एम्बाल्मिंग प्रक्रिया की जा रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को उनके गृह राज्य रवाना किया जाएगा।

Post a Comment