गेल्सेंकिर्चेन शहर स्थित एक प्रमुख बैंक में करीब 290 करोड़ रुपये की चोरी की गई है। चोरों ने बैंक की पार्किंग गैरेज की दीवार में बड़ा छेद किया और सीधे तिजोरी तक पहुंच बना ली।

इसके बाद अपराधियों ने 3,250 से अधिक सेफ डिपॉजिट लॉकर तोड़ डाले और उनमें रखी नकदी व कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चोरी को अंजाम देने के लिए भारी ड्रिल मशीनों और आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया।

पुलिस के अनुसार, यह वारदात क्रिसमस की छुट्टियों के दौरान की गई, जब बैंक और आसपास के अधिकतर प्रतिष्ठान बंद थे। माना जा रहा है कि इसी कारण चोरों को बिना किसी संदेह के लंबा समय मिला।

चोरी का खुलासा 29 दिसंबर की सुबह तब हुआ, जब बैंक का फायर अलार्म सक्रिय हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस और बैंक अधिकारियों ने देखा कि पार्किंग से तिजोरी तक पहुंचने के लिए दीवार को पूरी तरह काटा गया था।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि शनिवार रात से रविवार सुबह के बीच कुछ नकाबपोश लोग बड़े बैग लेकर इलाके से निकलते दिखाई दिए। सीसीटीवी फुटेज में एक काले रंग की हाई-परफॉर्मेंस कार भी नजर आई है, जिसमें संदिग्ध सवार बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने इस चोरी को बेहद सुनियोजित और पेशेवर बताया है। उनका कहना है कि इतनी बड़ी डकैती कई दिनों की रेकी और योजना के बिना संभव नहीं हो सकती।

बैंक प्रबंधन ने बयान जारी कर कहा है कि ग्राहकों को पूरा सहयोग दिया जाएगा और जांच एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post