इंदौर के भंवरकुआ थाना क्षेत्र में एक छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। सर्वानंद नगर इलाके में स्थित एक रिहायशी इमारत के पास छात्र को एक दर्जन से अधिक युवकों ने डंडों से बुरी तरह पीटा। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई के साथ भी मारपीट की गई। घटना का वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया।

पुलिस के अनुसार यह घटना 25 दिसंबर की देर रात की है। पुलिस ने अगले दिन मामला दर्ज किया था, लेकिन इसे सामान्य धाराओं में दर्ज किए जाने को लेकर अब पीड़ित पक्ष ने आपत्ति जताई है। सामने आए वीडियो में कई युवक छात्र और उसके भाई के साथ मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं।

पीड़ित छात्र ने बताया कि वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। 25 दिसंबर की रात करीब 11 बजे उसका भाई कार से बिल्डिंग की ओर आ रहा था। इसी दौरान एक युवक की दोपहिया वाहन से कार हल्के से टच हो गई। इस बात पर विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई।

जान बचाकर भाई बिल्डिंग के अंदर चला गया, लेकिन कुछ देर बाद आरोपी युवक अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और उसे जबरन बाहर खींच लिया। इसके बाद सड़क पर पटक-पटक कर बेरहमी से पीटा गया। जब छात्र बीच-बचाव के लिए पहुंचा तो उस पर भी हमला कर दिया गया। आसपास के लोगों के पहुंचने पर किसी तरह दोनों को बचाया जा सका।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि गंभीर मारपीट और वीडियो सबूत होने के बावजूद आरोपियों पर सख्त धाराएं नहीं लगाई गईं। वहीं पुलिस का कहना है कि कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें बाद में जमानत मिल गई। मामले की जांच फिलहाल जारी है।

इस खबर को ऑडियो में सुनें



Post a Comment

Previous Post Next Post