बिहार के भागलपुर जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी से इनकार करने पर एक युवक ने महिला को गोली मार दी। घटना नवगछिया अनुमंडल के झंडापुर थाना क्षेत्र के एक गांव की बताई जा रही है। आरोपी ने महिला की कनपटी में गोली मारते हुए कथित तौर पर कहा कि शादी न करने का यही अंजाम होता है।

घायल महिला को गंभीर हालत में पहले मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना रात करीब 9 बजे की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल महिला की शादी वर्ष 2017 में हो चुकी थी और उसके दो बच्चे भी हैं। इसके बावजूद आरोपी युवक उस पर लगातार शादी का दबाव बना रहा था।

बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला गांव से गुजर रही थी, तभी आरोपी ने अचानक पिस्तौल निकालकर उस पर फायर कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस खबर को ऑडियो में सुनें




Post a Comment

Previous Post Next Post