इंदौर के एक इलाके में नाबालिग छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। एक कोचिंग संचालिका ने आरोप लगाया है कि आसपास रहने वाला एक युवक कोचिंग के बाहर कपड़े उतारकर अर्धनग्न अवस्था में खड़ा होता है और छात्राओं को टॉफी का लालच देकर अपने पास बुलाने की कोशिश करता है। विरोध करने पर वह फायरिंग की धमकी भी देता है।

इस घटनाक्रम से दहशत में आई कोचिंग संचालिका सोमवार को एक वीडियो साक्ष्य के साथ पुलिस आयुक्त के पास पहुंची और आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

थाने से बाहर निकलते ही फिर धमकाने का आरोप
शिक्षिका का कहना है कि जब वह शिकायत लेकर थाने पहुंचीं, तो पुलिस ने उनकी लिखित शिकायत तो ले ली, लेकिन आरोपी से केवल माफीनामा लिखवाकर उसे छोड़ दिया गया। आरोप है कि थाने से बाहर निकलते ही युवक ने दोबारा गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी।

उन्होंने बताया कि 19 दिसंबर को सुबह करीब 11 बजे भी आरोपी ने अश्लील इशारे किए, जिसके बाद डायल-112 पर सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को थाने ले गई, लेकिन फिर से माफीनामा लेकर छोड़ दिया गया। इसके बाद आरोपी ने दोबारा अपशब्द कहे, जिसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया है।

वीडियो होने के बावजूद FIR नहीं लिखने का आरोप
शिक्षिका का आरोप है कि वह दोबारा FIR दर्ज कराने थाने पहुंचीं, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद अधिकारी ने वरिष्ठ अधिकारी के आने का हवाला देकर शिकायत लेने से इनकार कर दिया। वीडियो सबूत होने के बावजूद उन्हें काफी देर तक थाने में इंतजार कराया गया।

पहले भी दर्ज हो चुका है मामला
शिक्षिका के अनुसार आरोपी युवक पर पहले भी एक थाने में अवैध हथियारों से जुड़ा मामला दर्ज हो चुका है। उस समय हथियारों की खरीद-फरोख्त के आरोप लगे थे।

गौरतलब है कि हाल ही में पुलिस आयुक्त द्वारा थानों को महिला और नाबालिगों से जुड़े मामलों में तुरंत FIR दर्ज करने और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इस मामले में उन निर्देशों के पालन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post