इंदौर के द्वारकापुरी और अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र की सीमा पर सोमवार देर रात एक सीजिंग एजेंट की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात में एक युवती, उसका प्रेमी और दो अन्य युवक शामिल बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक दिन पहले सिगरेट पीने के दौरान हुए विवाद के बाद समझौते के बहाने युवक को बुलाया गया था।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान यश , उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी द्वारकापुरी क्षेत्र के रूप में हुई है। सोमवार रात करीब डेढ़ बजे एक युवती, उसके साथी और दो अन्य युवकों ने फूटी कोठी इलाके के पास यश को मिलने बुलाया। उस समय यश के साथ उसका दोस्त भी मौजूद था। बातचीत के दौरान अचानक विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने यश पर तीन से अधिक बार चाकू से हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल यश को उसका दोस्त नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने युवती और उसके साथी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के आधार पर वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि युवती सोशल मीडिया पर सक्रिय है और उसके बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि एक दिन पहले युवती और उसका साथी पान की दुकान पर सिगरेट पी रहे थे, तभी किसी बात को लेकर मृतक से कहासुनी हो गई थी। सभी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। विवाद के बाद दोनों पक्ष वहां से चले गए, लेकिन अगले दिन समझौते के बहाने दोबारा बुलाकर हमला किया गया। मृतक सीजिंग एजेंट का काम करता था।

हत्या के बाद पुलिस ने मृतक के दोस्त से पूछताछ की, जिससे पूरे घटनाक्रम की जानकारी सामने आई। मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की टीमों ने दबिश दी। आरोपी उज्जैन रोड की ओर भागने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें अलसुबह गिरफ्तार कर लिया गया। दो अन्य आरोपियों को उज्जैन से पकड़ा गया है।

चेकिंग पॉइंट से कुछ दूरी पर वारदात

जहां वारदात हुई, वह द्वारकापुरी और अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित इलाका है। यहां से कुछ ही दूरी पर पुलिस का चेकिंग पॉइंट भी लगता है, बावजूद इसके आरोपियों ने घटना को अंजाम दे दिया।

सीमा को लेकर रहा असमंजस

पुलिस सीमा को लेकर कुछ समय तक असमंजस की स्थिति बनी रही। हालांकि शुरुआती जांच में ही आरोपियों की पहचान कर ली गई थी। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण युवती से बातचीत को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post