जिले के खेतिया थाना क्षेत्र के बायगौर गांव के पास शुक्रवार सुबह श्रद्धालुओं से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई। बताया गया कि बस नर्मदा परिक्रमा के लिए जा रहे यात्रियों को लेकर बड़वानी से प्रकाशा की ओर जा रही थी। इसी दौरान खेतिया-पाटी रोड पर घाट उतरते समय बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।

रेस्क्यू अभियान में ग्रामीण और पुलिस जुटे

हादसे के बाद खेतिया और पाटी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। घायलों को खेतिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल पांच यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। बस में लगभग 54 यात्री सवार थे, जो इंदौर से ओंकारेश्वर होते हुए प्रकाशा जा रहे थे। मौके पर फंसे दो लोगों को निकालने के लिए जेसीबी और क्रेन की मदद ली गई।

विधायक और प्रशासन मौके पर, क्रेन से जारी बचाव

पानसेमल के विधायक श्याम मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि हादसा ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ। परिक्रमावासियों के लिए भोजन बना रहे एक स्थानीय ने बताया कि बस घाट उतरते समय अनियंत्रित होकर पलटी। विधायक श्याम ने कहा कि बस में 45 से अधिक परिक्रमावासी सवार थे, जिनमें से कई को गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों की मदद से श्रद्धालुओं को बस के शीशे तोड़कर बाहर निकाला गया। प्रशासन ने बचाव कार्य के लिए दो क्रेन तैनात की हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post