अफसरों को फटकार, निर्माण एजेंसी ब्लैकलिस्ट, कंसल्टेंट से वसूली के आदेश
इंदौर के तीन इमली क्षेत्र में सड़क का निर्माण कार्य पूरा भी नहीं हुआ था कि वहां खुदाई शुरू कर दी गई। गुरुवार रात एक राहगीर ने इस घटना का वीडियो महापौर को भेजा। शुक्रवार सुबह महापौर अचानक मौके पर पहुंचे और नगर निगम अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

अधिकारियों ने बताया कि सड़क को स्टॉर्म वाटर लाइन के लिए खोदा जा रहा है। इस पर महापौर ने नाराजगी जताई और कहा कि यह सीधी लापरवाही है।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने देखा कि सड़क का आधा हिस्सा ही तैयार हुआ था और उसी पर खुदाई हो रही थी। उन्होंने तुरंत अपर आयुक्त, जोनल अधिकारी, पार्षद, निर्माण एजेंसी और कंसल्टेंट एजेंसी के प्रतिनिधियों को मौके पर बुलाया।

जब महापौर ने पूछा कि अधूरी सड़क की खुदाई क्यों की जा रही है, तो जवाब मिला—लाइन डालने के लिए। इस पर उन्होंने सख्त लहजे में कहा,

"पहले पता नहीं था कि लाइन डालनी है? सड़क बनने के बाद खुदाई कौन-सी समझदारी है? जनता को परेशानी और निगम को नुकसान दोनों की जिम्मेदारी तय होगी।"

महापौर ने निर्देश दिए कि निर्माण एजेंसी को ब्लैकलिस्ट किया जाए, कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर पेनल्टी लगाई जाए, और नुकसान की भरपाई कंसल्टेंट एजेंसी से वसूली जाए।

उन्होंने यह भी पूछा कि क्या हाल में इलाके में जलजमाव की कोई शिकायत आई थी, जिसकी वजह से लाइन डालने की जरूरत पड़ी हो — लेकिन अधिकारी जवाब नहीं दे सके। मौके पर ही महापौर ने चेतावनी दी कि इस तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post