0:00 / 0:00

 इंदौर के तुकोगंज इलाके में एक नाबालिग लड़की के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से सनसनी फैल गई है। मामले की जांच एमआईजी थाना पुलिस कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, घटना तुकोगंज स्थित रूस्तम के बगीचे क्षेत्र की है। यहां एक सहेली के फ्लैट पर दो युवतियों ने एक नाबालिग लड़की को बुलाया और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हुई है। टीआई जितेंद्र के अनुसार, उन्हें इस घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि वीडियो के आधार पर सभी पक्षों को थाने बुलाकर समझाइश दी गई है। मारपीट करने वाली और पीड़ित—सभी युवतियां नाबालिग हैं। पीड़िता ने अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। शिकायत मिलने पर आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि नाबालिग की दोनों युवतियों से पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश में उसे बहाने से फ्लैट पर बुलाया गया और मारपीट की गई।

कुछ दिन पहले हीरानगर इलाके में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जिससे शहर में ऐसी घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post