बीती रात उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान महंत सीताराम ने एक समुदाय को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी। बताया जा रहा है कि उन्होंने कथित तौर पर अपने साथ हथियार होने और जरूरत पड़ने पर उसका उपयोग करने जैसी बात कही। साथ ही, उन्होंने आपत्तिजनक और उकसाने वाले शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे स्थिति संवेदनशील हो गई।
यह बयान शहर में जमालुद्दीन की गिरफ्तारी में देरी और पुलिस कार्रवाई को लेकर नाराजगी के संदर्भ में दिया गया बताया जा रहा है। महंत ने इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और असंतोष जताया।
महंत के इस बयान के बाद देर रात शहर में तनाव की स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत अतिरिक्त बल तैनात किया। नजरबाग प्रांगण में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए थे, जहां पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाला।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समझाइश के जरिए लोगों को शांत कराया और काफी प्रयासों के बाद माहौल को नियंत्रित किया। प्रशासन के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दिए गए बयान का कानून-व्यवस्था पर क्या प्रभाव पड़ा और क्या किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई आवश्यक है। वहीं, प्रशासन ने सभी लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

Post a Comment