इंदौर में शाम चार बजे माॅकड्रिल की गई। छह स्थानों को इसके लिए चुना गया है। शुरुआत इंदौर के डेंटल काॅलेज से हुई। पहले धमाका किया गया। काॅलेज के मुख्य हिस्से में आग लगाई गई। कुछ ही देर बाद एनसीसी केडेट्स, फायरब्रिगेड अमला और पुलिस जवान पहुंचे।
अस्पताल के स्टाॅफ और मरीजों को छत पर जाने के लिए कहा गया। बाद में उन्हें निकालने का अभ्यास हुआ। रस्सी की मदद से उन्हें नीचे लगाया गया। तब तक दस से ज्यादा एम्बुलैंस वहां आ चुकी थी। उसमें धमाके के घायल और मरीजों को ले जाया गया। इस दौरान स्पीकर से यह भी बताया जा रहा था कि क्या क्या करना है।
अभ्यास के दौरान फायरब्रिगेड की पांच दमकलों के अलावा नगर निगम के टैंकर, मेडिकल स्टाॅफ, होमगार्ड, एनडीआरएफ, नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों को भी प्रशिक्षित किया गया। अस्पताल परिसर में पानी की बौछार करने वालेे वाहन वरुण और वज्र भी मौजूद थे।
धमाके के बाद अस्पताल बिल्डिंग को खाली किया गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। इसके बाद फायरब्रिगेडकर्मी रस्सी की मदद से अस्पताल की उपरी मंजिल पर फंसे लोगों को नीचे लाने का अभ्यास करते नजर आए। इसके अलावा फायर ब्रिगेड ने पानी की बौछारें भी अस्पताल की बिल्डिंग पर मारी। करीब आधे घंटे तक अस्पताल में माॅकड्रिल हुई। उसे देखने के लिए परिसर में काफी लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। अस्पताल परिसर में बैरिकेड भी लगाए गए थे।
Post a Comment