कल चली आंधी के बाद आज इंदौर में पारे में कुछ राहत मिली है। सुबह 9 बजे तक हवाओं ने मौसम में ठंडक घोल रखी है। बुधवार को भीषण गर्मी के बाद शाम को आई आंधी और ठंडी हवाओं ने तापमान पर लगाम कस दी है।
मध्यप्रदेश में मई महीने में भीषण गर्मी पड़ने का ट्रेंड है लेकिन आंधी बारिश भी आती है। पिछले 10 साल के आंकड़ों पर नजर डाले तो राजस्थान और उत्तरप्रदेश बॉर्डर से जुड़े जिलों में तापमान 48 डिग्री के पार तक जाता है। इस बार भी ऐसी ही गर्मी पड़ सकती है। हालांकि, पहले सप्ताह में बारिश के साथ कुछ जिलों में ओले गिर सकते हैं। अगर मध्य में बारिश होती है तो आखिरी सप्ताह में सबसे ज्यादा तपिश होगी।
मौसम विभाग के अनुसार, गर्मी के लिहाज से मई का महीना खास रहता है। इसी महीने सबसे ज्यादा गर्मी पड़ती है। दिन में हीट वेव चलेगी तो रातें भी गर्म रहेंगी। यह भी देखा गया है कि मई में बारिश का भी ट्रेंड रहता है। इस बार मई की शुरुआत में ही मौसम बदला हुआ नजर आ रहा है। एक दिन पहले 30 अप्रैल को प्रदेश में गर्मी, आंधी और बारिश वाला मौसम रहा। इंदौर की बात करें तो बुधवार को आई आंधी ने गर्मी से खासी राहत दे दी है। अब आज से फिर से पारे में उछाल देखा जा सकता है।
Post a Comment