इंदौर में लगातार बढ़ रहे अपराधों के कारण शहरवासियों के सब्र का बांध भी टूट चुका हैै। मंगलवार देर रात बाणगंगा क्षेत्र में एक व्यापारी की हत्या से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। बुधवार सुबह व्यापारी की शव यात्रा निकालने के दौरान लोगों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने नाराज लोगों को समझाया तो उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने हत्या की है, वे क्षेत्र में गुंडागर्दी करते है।उनके मकान तोड़े जाना चाहिए। पुलिस अभी तक उन्हें गिरफ्तार भी नहीं कर पाई है।
हत्यारों को फांसी दो के नारे लगे
व्यापारी सुनील चौबे बाणगंगा क्षेत्र में समोसे कचोरी की दुकान संचालित करते थे। दुकान पर रात को लल्ला बौरासी, नीतेश और बिल्लू आए। उनका एक रिक्शा वाले से विवाद हो रहा था। इस दौरान दुकान में रखा सामान भी गिर पड़ा। इसे लेकर सुनील ने आपत्ति ली तो आरोपियों ने सुनील से ही विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने चाकू निकाला और सुनील पर वार करना शुरू कर दिया।
परिजन सुनील को लेकर अस्पताल पहुंचेे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हत्या करने वाले आरोपी भी उसी क्षेत्र में रहते है। सुबह लोग सुनील की शवयात्रा में तख्तियां लेकर निकले। वे हत्यारों को फांसी दो के नारे लगाते हुए चल रहे थे।
शवयात्रा पुलिस के साये में निकली। इस बीच अचानक शवयात्रा में शामिल लोगों ने मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। दोनों तरफ मार्ग पर वाहन रुक गए। पुलिस अफसरों ने समझाया और सख्त एक्शन लेने की बात कही तो चक्काजाम समाप्त हुआ।
Post a Comment