इटारसी। आदिवासी विकासखंड केसला के गांव बंदी से सटे जंगली इलाके में गुरुवार सुबह एक तेंदुए ने ग्रामीण पर हमला कर दिया। ग्रामीण सुबह शौच के लिए जंगल गया था, तभी अचानक तेंदुए ने ग्रामीण पर जानलेवा हमला कर दिया। करीब 5 मिनट ग्रामीण और तेंदुए के बीच संघर्ष चला। इसी दौरान ग्रामीण अपने बचाव की कोशिश में पास की एक खाई में गिर गया। इसके बाद तेंदुआ वहां से चला गया। काफी देर बाद खून से लथपथ ग्रामीण बाहर निकला और बेदम हालत में वह गांव पहुंचा। इसके बाद स्‍वजन व आसपास के लोग उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। उधर, सूचना देने के बाद अभी तक वन विभाग की टीम गांव या अस्पताल नहीं पहुंची है।

आदिवासी विनोद वारिवा ने बताया कि बंदी गांव निवासी झूलनसे पिता किशोरा कलमें उम्र 45 वर्ष सुबह 6:30 बजे जंगल में खेत के पास घूम रहा था। तभी वहां अचानक तेंदुआ आ गया। तेंदुए ने झूलनसे पर हमला कर दिया। उसके कंधे, पेट और पीठ पर जगह-जगह पंजे मारे। तेंदुए से बचने के चक्कर में ग्रामीण पास की एक खाई में गिर गया। खाई में गिरने की वजह से उसकी जान बच गई। घायल व्यक्ति को पहले शासकीय अस्पताल सुखतवा भर्ती किया गया। लेकिन गंभीर हालत होने के कारण उसे इटारसी रेफर कर दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post