सिंगरौली। सिंगरौली में एक व्यक्ति की हत्या उसकी पांचवीं पत्नी ने कर दी। आरोपी महिला ने पति को नींद की गोलियां देकर सुलाया, फिर गला घोंट दिया। इसके बाद कुल्हाड़ी से उसके गले पर वार किए और शरीर का एक अंग काट दिया। वारदात 10 दिन पुरानी है। आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

कोतवाली थाना प्रभारी अरुण पांडेय ने बताया कि उर्ती गांव निवासी बीरेंद्र गुर्जर का शव 21 फरवरी को उसके घर के समीप सड़क से बरामद हुआ था। घटना के संबंध में बीरेंद्र की पत्नी कंचन गुर्जर ने थाने में सूचना देकर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने मृतक के कई नजदीकी रिश्तेदारों समेत जिस किसी पर शक हुआ उनसे पूछताछ कर जांच की।

हत्या के आरोप में गिरफ्तार मृतक की पांचवीं पत्नी कंचन गुर्जर (साड़ी में)

पूछताछ में खोला राज

पुलिस ने जांच की तो कंचन भी शक के घेरे में आ गई। पुलिस ने हिरासत में लेकर उससे कड़ाई से पूछताछ की तो पूरा सच सामने आ गया। कंचन ने पुलिस को बताया कि उसका पति नशे का आदी था। नशे की हालत में वह उसे काफी प्रताड़ित करता था।

पति को मारने के लिए रची साजिश

कंचन ने बताया कि पति से परेशान होकर उसे मौत के घाट उतारने के लिए साजिश रची। 21 फरवरी की रात उसने पति को नींद की 20 गोलियां खाने में मिलाकर खिला दीं। इससे वो गहरी नींद में सो गया। फिर उसने बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद मृतक की पत्नी ने शव को कपड़ों में लपेटकर साइकिल पर रखा और घर के कुछ दूरी पर ले जाकर सड़क किनारे फेंक दिया। शव को ठिकाने लगाने के बाद आरोपी महिला ने मृतक के कपड़े व चप्पल को भी जला दिया।

आरोपी महिला से पूछताछ में 4 और पत्नियों का पता चला

एएसपी शिव कुमार वर्मा ने बताया कि 21 फरवरी को एक शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर जाकर शव देखा और जांच शुरू की। चोट के निशान देखने के बाद हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया। एसपी के निर्देश पर एक टीम गठित की गई। जांच में पता चला कि पत्नी ने ही पति की हत्या की है। आरोपी से पूछताछ की तो पता चला कि पति की पहले से 4 पत्नियां थीं, जो प्रताड़ना से परेशान होकर भाग गईं। वह पांचवीं पत्नी कंचन से भी मारपीट करता, बच्चों को भी मारता था।

 

Post a Comment

Previous Post Next Post