महू। तुम क्रिश्चियन बन जाओ। हम तुम्हारी जिंदगी बदल देंगे... ये कहकर इंदौर के महू में सूरज वर्मा नाम के शख्स को दो लोग गुरुवार रात 1.30 बजे एक घर में ले गए। यहां एक बड़े हॉल में काफी लोग मौजूद थे। यहां सूरज पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाया गया। हिंदू संगठनों को पता चला तो कार्यकर्ताओं ने घर में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। तनाव बढ़ता देख रात में इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने धर्मांतरण कराने वाले पांच लोगों पर शुक्रवार को FIR दर्ज की है। 

जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 1.30 बजे हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं मौके पर पहुंचे तो घर में प्रार्थना भवन में काफी लोग थे। इनमें बच्चे और महिलाएं भी थीं। घर में रहने वाला परिवार इन्हें ईसाई बना रहा था। यह देख संगठन के लोगों ने विरोध किया और वहां तोड़फोड़ कर दी। विवाद बढ़ने की सूचना मिलते ही देहात एसपी हितिका वासल, एएसपी शशिकांत कनकने, एसडीओपी दिलीप चौधरी भारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे।

फ्री इलाज, फ्री खाना और फ्री शिक्षा मिलेगी

फरियादी सूरज वर्मा ने बताया कि - मैं मजदूरी करता हूं। गुरुवार को आशीष उपाध्याय के घर कुछ काम से जा रहा था। हम लोग साईं मंदिर के पास पहुंचे, तो रास्ते में हमें संजय चौहान भी मिला। आशीष और संजय मुझे कहने लगे कि तुम क्रिश्चियन बन जाओ। हम लोग तेरी जिंदगी बदल देंगे। तुम्हारे परिवार को सारी सुविधाएं मिलेगी। ईसाई धर्म के अस्पताल में फ्री इलाज, फ्री शिक्षा और हम लोग तुझे खाना भी फ्री में देंगे।

ये दोनों लोग मुझे रात 10 बजे आशीष उपाध्याय के घर लेकर पहुंचे। यहां आशीष, उसके पिता चंद्रशेखर, माता संगीता, स्वाति और संजय चौहान थे। ये लोग काफी संख्या में लोगों को प्रार्थना करवा रहे थे। बोल रहे थे कि हिंदू धर्म से ईसाई में बदल जाओ। यीशु को मानना शुरू करो। तुम लोगों को सभी सुविधाएं मिलेंगी। इन्होंने मुझ पर और मेरे परिवार पर भी दबाव बनाया, हमें बाइबिल भी दी गई। इस दौरान कुछ लोग आए और विवाद होने लगा। इसके बाद पुलिस भी आ गई।

पहले भी दर्ज हो चुका है धर्म परिवर्तन का मामला

ग्रामीण एसपी हितिका वास ने बताया कि खान कॉलोनी के एक घर में धर्मांतरण की सूचना के बाद मारपीट और तोड़फोड़ हुई है। पुलिस ने सूरज वर्मा की शिकायत पर आशीष उपाध्याय, संजय चौहान, चंद्रशेखर उपाध्याय, संगीता उपाध्याय और स्वाति तिवारी के खिलाफ धर्मांतरण का प्रकरण दर्ज किया है। इसके साथ ही घर में तोड़फोड़ करने के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2020 में भी खान कॉलोनी में हिंदू से ईसाई बनाने का मामला सामने आया था। उस समय लॉकडाउन चल रहा था। इस दौरान चंद्रशेखर उपाध्याय और संगीता उपाध्याय ने खान कॉलोनी में स्थित मकान में ही सामूहिक प्रार्थना करवाई थी। संगीता पास्टर है। 2020 में भी संगीता और चंद्रशेखर के खिलाफ कोतवाली थाने में धर्म परिवर्तन कराने का मुकदमा दर्ज किया गया था। उस समय भी हिंदू संगठनों ने जमकर विरोध किया था।

हमारे घर में नहीं हो रहा था धर्म परिवर्तन

पास्टर संगीता उपाध्याय ने बताया कि हमारे घर में फंक्शन चल रहा था। कुछ लोग आए और तोड़फोड़ करने लग गए। ये लोग आरोप भी लगा रहे थे कि धर्म परिवर्तन हो रहा है, लेकिन हमारे घर में केवल पारिवारिक पार्टी थी। कोई भी धर्म परिवर्तन नहीं हो रहा था।

रोज होती है प्रार्थना

खान कॉलोनी में रहने वाले आसपास के लोगों ने बताया कि रोजाना इस घर में प्रार्थना करवाई जाती है। यहां आने वाले लोग बीच रोड पर ही गाड़ी खड़ी कर चले जाते हैं, इसके कारण कई बार विवाद की स्थिति बनती है। लोगों का यह भी कहना है कि घर में ही एक छोटा चर्च बना दिया है। साथ ही घर के ऊपर करुणा प्रार्थना भवन भी लिखा हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post