इंदौर। इंदौर में तेज रफ्तार कार ने आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को रौंद दिया। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं 3 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसे के बाद वहां पर अफरा-तफरी मच गई। भीड़ ने ड्राइवर को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। वाहन में आग लगाने की कोशिश भी की। पुलिस ने बताया कि कार सवार नशे में थे।

नशे में थे कार सवार

घटना बुधवार शाम को पालदा इलाके में शाम 5.30 बजे की है। आरटीओ के आगे तेजाजी नगर चौराहे के पास तेज रफ्तार कार सवार ने लोगों को चपेट में लिया। कार में तीन लोग सवार थे। सभी शराब के नशे में थे। पुलिस ने रीवा जिले के कोनिया कलां गांव के रहने वाले श्रवण कुमार (31) को गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथी मौका पाकर फरार हो गए।

वीडियो में दिख रहा है कि एक तेज रफ्तार कार ने सबसे पहले एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। युवक बाइक समेत काफी ऊपर उछलकर गिरा। इसके बाद कार सामने आने वाले दूसरे वाहनों और लोगों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ती गई। इनमें कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।

इन लोगों की हुई मौत

भंवरकुआं पुलिस ने बताया कि हादसे में नितिन गंगवाल (44) मानवता नगर, सुरेश मालवीय(50) नायता मुंडला की मौत हो गई। एक शख्स की शिनाख्त नहीं हो पाई है। वहीं कपूरचंद्र (75), मानवता नगर, मोहम्मद वसीम (30) नायता मुंडला और काव्या (16) गंभीर रूप से घायल हो गए।

Post a Comment

Previous Post Next Post