इंदौर। इंदौर के सराफा बाजार में दो माह पहले एक महिला ने करीब 3 सौ ग्राम सोने के जेवर चुरा लिए थे। शातिर महिला दो माह बाद छोटा सराफा में उसे बेचने पहुंची और पकड़ा गई। अब पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। उसने अपनी गैंग के अन्य साथियों के नाम कबूले है। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। महिला काफी समय से सराफा में इस तरह से चोरी की वारदात को अंजाम दे रही थी।

सराफा थाने के एसआई अक्षय खडिया के मुताबिक सनय लाहोटी निवासी छीपा बाखल की पुरुषोत्तम शोभा राम के नाम से छोटा सराफा में ज्वेलरी शॉप है। यहां करीब दो माह पहले सोने के नाक के कांटे का बाक्स गायब हुआ था। चोरी गए माल का वजन करीब 300 ग्राम था। फुटेज में बुर्का पहने महिला दिखाई दी थी। सराफा पुलिस ने आवेदन लेकर मामले में जांच शुरू की थी। बुधवार को उक्त महिला छोटा सराफा की अन्य दुकान पर वह नाक के कांटे बेचने पहुंची थी। यहां कारीगर ने सराफा से चोरी हुए उक्त माल के बारे में सनय लोहाटी के कारीगर से बात की। उसने अपने यहां से चुराई ज्वेलरी पहचान ली। इसके बाद मौके से रेशमा बी निवासी कड़ाव घाट को पकड़ा। अभी आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है।

चोरी के बाद सभी व्यापारियों को बताई थी ज्वेलरी

दरअसल रेशमा सराफा में कई बार वारदातों को अंजाम दे चुकी है। अभी तक वह यहां से करीब आधा किलो सोने के जेवर चुरा चुकी है। लगातार हो रही चोरी के बीच सराफा एसोसिएशन के जरिए ज्वैलर्स ने अपने यहां से चोरी हुई ज्वेलरी की डिजाइन और जानकारी सभी दुकानदारों को दे दी थी। बुधवार को जब रेशमा यहां ज्वेलरी बेचने पहुंची तो कारीगर उक्त ज्वेलरी को पहचान गया। रेशमा ने पकड़ाने के दौरान उक्त नाक के कांटे सराफा बाजार में फेंक दिए थे। पुलिस रेश्मा से माल की जब्ती में लगी है। उसने अपने कुछ और साथियों के नाम कबूले हैं। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post