गाड़ी गिरवी रखने को लेकर हुआ था विवाद

 

इंदौर। इंदौर में एक केबल कारोबारी की शुक्रवार देर रात एक युवक ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी शनिवार सुबह थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। इस घटना की जो वजह सामने आई, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। बेटे से विवाद में केबल कारोबारी पिता की हत्या होने की बात पुलिस कह रही है, जबकि परिवार इस बात से इनकार कर रहा है।

आरोपी ने किया सरेंडर

मामला इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र की ग्रीन पार्क कॉलोनी का है। यहां शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात का है। क्षेत्र में रहने वाले मो.फारुख (43) पुत्र अजीज पर इरफान नामक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद तुरंत फारुख को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी। इधर, शनिवार सुबह आरोपी खुद ही थाने पहुंच गया और सरेंडर कर दिया।

बेटे के दोस्त ने गिरवी रखी आरोपी की एक्टिवा

चंदन नगर TI अभय नेमा ने बताया कि मृतक की तीन बेटियां और एक बेटा लक्की है। लक्की का दोस्त शाकिर और आरोपी पुराने परिचित हैं। शाकिर बुधवार को आरोपी से उसकी एक्टिवा मांगकर ले गया था और उसे गिरवी रखकर शहर से बाहर चला गया। इसी बात को लेकर लक्की और आरोपी के बीच शुक्रवार को घटना से करीब एक घंटे पहले विवाद हुआ। जिसके बाद आरोपी वहां से चला गया। मगर करीब एक से डेढ़ घंटे बाद आरोपी हथियार से लैस होकर लक्की के घर पहुंच गया।

विवाद हुआ तो पिता पहुंचे थे बीच-बचाव करने

TI ने बताया रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच जब लक्की और इरफान के बीच घर के बाहर ही विवाद चल रहा था, तब फारुख बीच-बचाव के लिए आ गए। इस दौरान इरफान ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। वह एक चाकू और मांस काटने का औजार लेकर आया था, जिससे उसने हमला किया। हमले के बाद इरफान मौके से भाग निकला। जबकि फारुख को अस्पताल ले जाया गया, मगर उनकी मौत हो गई। इधर, पुलिस अब सरेंडर करने वाले इरफान से पूछताछ कर रही है। इस मामले में जब फारुख के परिजन से बात की तो उन्होंने एक्टिवा के विवाद की बात से इनकार किया है। लेकिन घटना की कोई अन्य वजह भी फिलहाल नहीं बताई।

Post a Comment

Previous Post Next Post