उज्जैन। पिछले दिनों इंदौर में पुलिस आरक्षक पर दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ था। इसी तरह का मामला उज्जैन में भी सामने आया है। यहां उपनिरीक्षक (एसआई) के खिलाफ एक महिला ने दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया है। महिला का आरोप है कि एसआई ने उसके साथ मारपीट कर दुष्कर्म किया। उसके जेवरात तक बिकवा दिए।

जानकारी के मुताबिक आरोपी एसआई का नाम विकास देवड़ा है जो उज्जैन के भैरवगढ़ थाने पर पदस्थ है। रतलाम निवासी महिला ने उसके खिलाफ चिमनगंज थाने में दुष्कर्म की रिपोर्ट लिखाई है। पुलिस से की शिकायत में महिला ने बताया है कि वह पिछले कुछ समय से इंदौर में रहती है। पति कारोबार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी दोस्ती एसआई विकास चावड़ा से हुई थी। दोनों में बातचीत होने लगी और अच्छे संबंध बन गए। करीब छह माह पूर्व एसआई उसके घर पहुंचा और सर्विस रिवॉल्वर से धमकाकर दुष्कर्म किया। धमकी भी दी कि किसी को घटना के बारे में बताया तो वह उसके पति को भी मरवा देगा। इसके बाद फ्लैट पर ही वरमाला डालते हुए जबरन फोटो खिंचवाया था। फोटो दिखाकर ब्लैकमेल कर रहा था। इसके बाद विकास चावड़ा ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। चार दिन पहले एसआई ने उसे इंदौर से उज्जैन बुलाया। 

 यहां राज रेसीडेंसी में एक फ्लैट में रखा और दुष्कर्म किया। मारपीट भी की। खुद को बाथरूम में बंद कर बचाया। महिला ने यह भी आरोप लगाए कि एसआई ने उसके जेवरात बिकवा दिए हैं। उसके नाम पर रतलाम में आठ बीघा जमीन है जिसे भी वह बेचने के लिए दबाव बना रहा है। इस मामले में जब महिला शिकायत के लिए उज्जैन पहुंचीं थी तो थाने पर एसआई भी पहुंचा और महिला पर दबाव बनाया। इसके चलते हंगामा भी हुआ। बाद में चिमनगंज थाना प्रभारी जितेंद्र भास्कर ने  महिला का शिकायती आवेदन लेकर उसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी और महिला के बयान दर्ज करवाए। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इंदौर में भी ऐसा ही  मामला हुआ था। संविदा शिक्षक परीक्षा की तैयारी कर रही युवती ने डीआरपी लाइन इंदौर में पदस्थ आरक्षक के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाकर केस दर्ज करवाया था। 

Post a Comment

Previous Post Next Post