- डॉ. संजय बिन्दल

एक बानगी देखिये, एक पिता ने अपनी बेटी के विवाह सम्बन्ध के लिए उनके समाज में विवाह सम्बन्ध कराने के लिए पहचाने जाने वाले प्रतिष्ठित व्यक्ति से बातचीत की....भाई कोई लड़का हमारी बेटी के लिए बताइए।क्या बजट है (मतलब लड़की क्या है, क्या नहीं है, कोई मतलब नहीं। (पहला सरोकार पैसे से)।लड़की हमारी सुंदर है बहुत पढ़ी-लिखी है।

वो सब ठीक है पर पहले बजट तो बताओ। आजकल 50 लाख से तो शुरुआत ही होती है और साथ में लड़की भी बढ़िया होना चाहिए। एक से एक रिश्ते बता दूंगा । (बाजार भाव बता रहे है।) लड़के की बोली लग रही है।जी अब जो होता है वो हैसियत के हिसाब से करेंगे ही। पर हमारी बेटी सीए भी है।आजकल सब लड़कियां पढ़-लिख गई है, उससे क्या होता है? ( मतलब लड़की का बाजार मूल्य कुछ नहीं) देखो भाई लड़का इंजीनियर है और पांच लाख का पैकेज है। चलेगा?

हमारी बिटिया का भी 10 लाख का पैकेज है। उससे कुछ नहीं होता। 50 से उपर ही लगेंगे। (मतलब फिर भी लड़के की ही कीमत है। लड़की 10 लाख के पैकेज होने पर भी काम तो घर का ही करेगी) शादी के बाद लड़की को काम करने देंगे की नहीं? देखो ये लड़के पर निर्भर करता है। (मतलब लड़की की इच्छा कोई मायने नहीं रखती)। अब भैया लड़की पढ़ी-लिखी है। इतनी बड़ी डिग्री ली है तो वो चाहती है कि कुछ काम करे..।

लड़की पढ़ी-लिखी तो ठीक है पर घर के कामकाज के बाद समय कहां मिलता है। हाँ.. घर का कामकाज आता है की नहीं? ( घर की बहू नहीं, काम वाली की जानकारी ले रहे हैं।) जी सब जानती है। पर बजट ज्यादा है। अरे क्या बात कर रहे हो, आजकल क्रूज पर शादियां हो रही है। फाइव स्टार में महिला संगीत और पत्रिका के साथ चांदी का सिक्का दे रहे हैं। ये सब रीत का रायता तो करना ही पड़ेगा। आपकी लड़की है, खर्च नहीं करोगे। (मतलब लड़के वालों का बेटा नहीं है वो अपने बेटे के लिए खर्च नहीं करेंगे।)

 शादी के बाद का कैसा रहेगा खर्च ...

- देखो भाई, शादी के बाद दो साल तक तो सारे त्योहारों पर सारे रिश्तेदारों और परिचितों के यहां बांटने के लिए मिठाई, नमकीन, ड्राय फ्रूट वगैरह। उसके बाद बाल बच्चों के होने पर आप नाना बनोगे तो कम से कम 10 लाख का खर्चा तो बनता ही है। सब बात पहले से हो जाये तो अच्छा रहता है। (मतलब दादा-दादी कोई नहीं बनेगा)

उपर लिखी बातें बहुत आम हो गई है हमारे समाज में। इतना सब होने के बावजूद भी लड़की के मां-बाप सारी जिंदगी हाथ जोड़ते रहते हैं। लोग कहते है की भ्रूण हत्या पाप है। लड़की देवी होती है। इनको गर्भ में नहीं मारना चाहिए। पर क्या ये बातें जिम्मेदार नहीं है, उस परिस्थिति के लिए?


Post a Comment

Previous Post Next Post