मिस्र की राजधानी काहिरा में बुधवार को एक बड़ा हादसा हुआ। शहर के व्यस्त रिंग रोड पर ईंधन से भरा टैंकर अचानक पलट गया। इसके बाद उसमें भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आसपास से गुजर रही कई गाड़ियां भी आ गईं। इस हादसे में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं।

यह दुर्घटना घनी आबादी वाले अल-वराक इलाके में हुई। टैंकर में आग लगते ही आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेज थी कि आसपास खड़ी कई कारें भी जलने लगीं। बचावकर्मियों ने जलती गाड़ियों से लोगों के शव बाहर निकाले।

मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, राहत और बचाव कार्य के लिए 39 एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। हादसे में घायल 15 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद प्रधानमंत्री ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं। सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों के परिवहन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बात कही है।

गौरतलब है कि मिस्र में सड़क दुर्घटनाएं और आग लगने की घटनाएं पहले भी चिंता का विषय रही हैं। रिपोर्टों के अनुसार, पिछले साल देशभर में सड़क हादसों में करीब 6,000 लोगों की मौत हुई थी।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post