इंदौर के फूटी कोठी चौराहे से सब्जी मंडी हटाने के बाद नगर निगम ने विक्रेताओं को चंदन नगर चौराहे के पास एक खाली मैदान में दुकानें लगाने के लिए जगह दी है। यह स्थान पुरानी मंडी से करीब दो किलोमीटर दूर है। हालांकि, नई जगह पर पहुंचने के बाद सब्जी विक्रेताओं को ग्राहकों की कमी के कारण कारोबार में परेशानी हो रही है।
विक्रेताओं का कहना है कि दिनभर दुकान लगाने के बावजूद सब्जियां नहीं बिक रही हैं। इससे उन्हें लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है। कई बार सब्जियां नहीं बिकने के कारण खराब होने लगती हैं और उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है।
नई मंडी के लिए निर्धारित मैदान में बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। यहां दुकान लगाने के लिए समतल जमीन और पक्की सड़क तक उपलब्ध नहीं है। विक्रेताओं को पथरीली जमीन पर दुकानें लगानी पड़ रही हैं। वहीं, वाहनों की आवाजाही के कारण उड़ने वाली धूल के बीच उन्हें सब्जियां बेचनी पड़ रही हैं। फिलहाल कुछ ही विक्रेताओं ने यहां कारोबार शुरू किया है।
सब्जी विक्रेताओं के मुताबिक, फूटी कोठी पर पहले अच्छी ग्राहकी होती थी, लेकिन नई जगह पर ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं। मंडी हटाने के फैसले को लेकर पहले भी विवाद सामने आ चुका है। इसी मामले में नगर निगम के एक कर्मचारी को थप्पड़ मारने के आरोप में निगम की नेता प्रतिपक्ष को जेल जाना पड़ा था।
अब नई जगह पर दुकानें लगाने वाले विक्रेताओं ने नगर निगम से ब्रिज के नीचे व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि निगम वहां उचित व्यवस्था करता है तो वे इसके बदले मासिक या सालाना किराया देने के लिए भी तैयार हैं।
सब्जी विक्रेता संगीता ने बताया कि फूटी कोठी पर वह रोजाना 20 से 22 हजार रुपए की सब्जियां लेकर आती थीं। इनमें से करीब 16 से 17 हजार रुपए का माल बिक जाता था। लेकिन नई जगह पर धूल-मिट्टी और ग्राहकों की कमी के कारण कारोबार प्रभावित हो गया है। अब वह केवल 500 से 700 रुपए की सब्जियां ला रही हैं, इसके बावजूद लागत नहीं निकल पा रही। उन्होंने बताया कि बुधवार और गुरुवार, दोनों दिन सब्जियों की बिक्री नहीं हो सकी।

Post a Comment