मध्य प्रदेश के अमरकंटक स्थित नर्मदा उद्गम स्थल पर एक श्रद्धालु का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति मंदिर परिसर में बनी हाथी की मूर्ति के नीचे से निकलने की कोशिश करता नजर आता है। इसी दौरान वह मूर्ति के आधार और संगमरमर के फर्श के बीच फंस जाता है।

उसे फंसा देख आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचते हैं। कुछ लोग उसे गहरी सांस लेने, शरीर को मोड़ने और अपनी स्थिति बदलने की सलाह देते हैं। काफी देर तक कोशिश करने के बाद वह किसी तरह मूर्ति के नीचे से बाहर निकल पाता है।

अमरकंटक के नर्मदा उद्गम स्थल पर हाथी की मूर्ति के नीचे से निकलने की पुरानी परंपरा है। मंदिर परिसर में यह मूर्ति पत्थर के घोड़े के साथ स्थापित है। यहां आने वाले कई श्रद्धालु इस मूर्ति के नीचे बने संकरे रास्ते से होकर गुजरते हैं।

स्थानीय मान्यता है कि इस रास्ते से निकलने पर मनोकामना पूरी होती है। कुछ लोग इसे मन्नत से जोड़ते हैं, तो कुछ इसे पाप और पुण्य की परख का प्रतीक मानते हैं। इसी वजह से मंदिर आने वाले श्रद्धालु इस परंपरा को निभाते हैं।

मंदिर के पुजारियों और नियमित रूप से आने वाले लोगों के मुताबिक, मूर्ति के नीचे फंसने का कारण किसी धार्मिक मान्यता से जुड़ा नहीं है। वहां जगह काफी कम है और व्यक्ति के शरीर के आकार के साथ बाहर निकलने का तरीका भी इसमें अहम होता है।

इस तरह के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। हाथी की मूर्ति के नीचे फंसते श्रद्धालुओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे हैं। ताजा वीडियो सामने आने के बाद लोग इस परंपरा को निभाते समय सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।


Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post