इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। पत्थर मुंडला स्थित छह मंजिला स्टार बेन्स बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर बने एक सूने फ्लैट को बदमाशों ने निशाना बनाया। चोर दरवाजे का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना रविवार दोपहर की है, जब परिवार नवरात्रि पूजन में शामिल होने घर से बाहर गया था। सोमवार को पीड़ित परिवार शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचा।

फ्लैट में रहने वाले गोलू जायसवाल रविवार दोपहर करीब 3 बजे पत्नी और दोनों बच्चों के साथ अपने बड़े भाई के घर बिहाड़िया में आयोजित नवरात्रि पूजन और आरती में शामिल होने गए थे। शाम करीब 5 बजकर 11 मिनट पर पड़ोसियों ने उनके फ्लैट का मुख्य दरवाजा खुला देखा। दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। पड़ोसियों ने तत्काल फोन कर गोलू को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलने पर गोलू घर पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। बेडरूम में रखी अलमारी के लॉक टूटे हुए थे और उसमें रखे कीमती सामान गायब थे। पीड़ित के मुताबिक, चोर एक सोने की अंगूठी, एक सोने का मंगलसूत्र, करीब आधा किलो वजनी चांदी के विभिन्न आभूषण और नकदी चुरा ले गए।

घटना के बाद सोसाइटी के रहवासियों ने बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध बदमाश दिखाई दिए। इनमें से दो बिल्डिंग के अंदर प्रवेश कर सीढ़ियों के रास्ते दूसरी मंजिल की ओर जाते नजर आए। वहीं, तीसरा संदिग्ध बाइक लेकर बाहर खड़ा रहा और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता दिखाई दिया।

फुटेज के अनुसार, संदिग्धों ने फ्लैट का ताला तोड़कर चोरी की और मौके से फरार हो गए। परिवार के दोपहर करीब 3 बजे घर से निकलने और शाम 5 बजकर 11 मिनट पर पड़ोसियों द्वारा दरवाजा खुला देखे जाने के बीच वारदात का पता चला। मामले में पीड़ित परिवार सोमवार को पुलिस से शिकायत करने पहुंचा।


Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post