निठारी हत्याकांड से जुड़े मामलों में अदालतों से बरी हो चुके सुरेंद्र की हरिद्वार में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, उसने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या की। उसका शव शुक्रवार सुबह सप्तसरोवर रोड क्षेत्र में एक चाय की दुकान के अंदर मिला।
बताया गया कि सुरेंद्र पिछले कुछ महीनों से हरिद्वार के भूपतवाला इलाके में रह रहा था और वहीं चाय की दुकान चला रहा था। स्थानीय लोगों ने दुकान के भीतर उसका शव लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिवार को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
निठारी हत्याकांड का मामला दिसंबर 2006 में सामने आया था। नोएडा के निठारी इलाके में एक कारोबारी के घर के पीछे स्थित नाले से बच्चों के कंकाल और अन्य अवशेष मिलने के बाद मामला सामने आया था। इस मामले में कारोबारी के घरेलू सहायक सुरेंद्र को आरोपी बनाया गया था।
अक्टूबर 2023 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने निठारी से जुड़े 12 मामलों में सुरेंद्र को बरी कर दिया था। इन फैसलों के खिलाफ सीबीआई और पीड़ित परिवारों की ओर से दायर 14 अपीलों को सुप्रीम कोर्ट ने जुलाई 2025 में खारिज कर दिया था।
उस समय सुरेंद्र एक अन्य मामले में उम्रकैद की सजा के चलते जेल में था। नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने उस मामले में भी उसकी दोषसिद्धि रद्द करते हुए रिहाई का आदेश दिया। इसके बाद वह जेल से बाहर आया था।
हरिद्वार पुलिस अब उसकी मौत की परिस्थितियों और कारणों की जांच कर रही है।

Post a Comment