इंदौर के कनाड़िया इलाके में गुरुवार शाम निर्माणाधीन बिल्डिंग की दीवार का एक हिस्सा अचानक गिर गया। हादसे में वहां काम कर रही महिला की मौत हो गई, जबकि उसका देवर घायल हो गया। महिला अपने परिवार के साथ बिल्डिंग के पास ही रहती थी और वहीं मजदूरी करती थी।

कनाड़िया पुलिस के अनुसार, घटना बायपास क्षेत्र के बिचौली इलाके में हुई। गुरुवार को बिल्डिंग में निर्माण कार्य चल रहा था। महिला, उसका पति, देवर और कुछ अन्य लोग काम कर रहे थे। इसी दौरान शाम को दीवार का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया।

बताया गया कि दीवार के ऊपर बना सीमेंट का कॉलम महिला के सिर पर जा गिरा। हादसे में महिला और उसका देवर घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई, जबकि देवर को प्राथमिक उपचार के बाद रात में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पुलिस के मुताबिक, महिला मूल रूप से खरगोन के पास की रहने वाली थी। वह परिवार के साथ काम की तलाश में इंदौर आई थी।

घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बिल्डिंग के मालिक और ठेकेदार को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post