इंदौर के छोटा बांगड़दा इलाके में नगर निगम के पानी के टैंकर की टक्कर से दोपहिया वाहन सवार बीटेक छात्रा की मौत हो गई। हादसे में उसके भाई को मामूली चोट आई है। घटना के बाद टैंकर चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा, जिसे राहगीरों ने पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के अनुसार, हादसा बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे वेदांत स्कूल के पास हुआ। कटनी निवासी अर्चिता अपने भाई प्रणय के साथ दोपहिया वाहन से जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार नगर निगम के पानी के टैंकर ने उनके वाहन को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद अर्चिता सड़क पर गिर गई और टैंकर की चपेट में आ गई। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई मामूली रूप से घायल हुआ।

हादसे के बाद चालक टैंकर लेकर मौके से भागने लगा। कुछ राहगीरों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने चालक के साथ मारपीट की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अर्चिता सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी से बीटेक की पढ़ाई कर रही थी। घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी गई है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post