इंदौर के मरीमाता चौराहे के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।
घटना रात करीब 12:40 बजे की है। बाणगंगा पुलिस ने मर्ग कायम कर कार जब्त कर ली है। पुलिस हादसे की वजह और वाहन की रफ्तार की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान सत्य साईं नगर निवासी राज (28) वर्ष और नंदकिशोर (30) वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों दोस्त रात में घूमने निकले थे। मरीमाता चौराहे के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया गया है कि एक्टिवा को टक्कर मारने से पहले कार ने तीन ऑटो रिक्शा और एक समोसे के ठेले को भी टक्कर मारी थी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने कार को रोक लिया। बाद में वाहन पुलिस के हवाले कर दिया गया।
परिजनों के मुताबिक, राज ओवन में कारीगर का काम करता था। परिवार में उसकी पत्नी, दो भाई और माता-पिता हैं। वहीं नंदकिशोर सब्जी बेचने का काम करता था। उसके परिवार में पिता के अलावा एक बड़ा और एक छोटा भाई है। पुलिस ने कार जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment