दिल्ली के सत्य निकेतन में हॉस्टल की इमारत गिरने के मामले में पुलिस ने बिल्डिंग मालिक हरिराम को हिरासत में लिया है। हादसे के बाद से वह फरार था। पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया था। उसे राजस्थान के भिवाड़ी से पकड़ा गया, जहां फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, इमारत का इस्तेमाल पेइंग गेस्ट (PG) के तौर पर किया जा रहा था। आरोप है कि हादसे के समय बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान इमारत गिर गई।
साउथ कैंपस थाने में बिल्डिंग मालिक और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या, इमारत के रखरखाव में लापरवाही और लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
मालिक की तलाश के लिए दिल्ली पुलिस की 10 टीमें लगाई गई थीं। पुलिस ने दिल्ली के अलावा कई राज्यों में भी संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। अब हरिराम को हिरासत में लेने के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
हादसे में अब तक 7 छात्रों की मौत
सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना में अब तक 12 लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है। इनमें 7 छात्रों की मौत हो गई है। वहीं, कुछ छात्रों के अब भी लापता होने की जानकारी सामने आई है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में दिल्ली पुलिस के साथ एनडीआरएफ, दमकल विभाग और डीडीएमए की टीमें भी जुटी हुई हैं। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश और राहत कार्य जारी रखे हुए हैं।

Post a Comment