दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को अचानक इमरजेंसी स्थिति बन गई। विमान में करीब 180 लोग सवार थे। उड़ान के दौरान विमान ने अंतरराष्ट्रीय इमरजेंसी कोड 7700 प्रसारित किया। इसके बाद 7500 कोड भी सक्रिय हुआ, जिसे विमान के अपहरण या किसी तरह के गैरकानूनी हस्तक्षेप से जुड़ा संकेत माना जाता है। स्थिति को देखते हुए इजरायल ने एहतियात के तौर पर लड़ाकू विमान रवाना किए। बाद में फ्लाइट को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया, जहां विमान सुरक्षित उतरा।
फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव स्थित बेन गुरियन एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट होने की जानकारी सामने आई है। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, घटना के दौरान दोनों के बीच हाथापाई हुई और खून-खराबा भी हुआ। हालांकि, विमान में वास्तव में क्या हुआ, इसकी आधिकारिक जांच अभी जारी है।
इजरायली अधिकारियों और स्थानीय मीडिया में सामने आई रिपोर्टों के अनुसार, एक पायलट ने कथित तौर पर विमान को नुकसान पहुंचाने या उसे दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की। बताया गया कि दूसरे पायलट ने कुछ यात्रियों की मदद से उसे रोकने का प्रयास किया। एक अन्य रिपोर्ट में दावा किया गया कि पायलट ने कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश की और इसी दौरान विमान करीब 30 हजार फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे आया। विमान लगभग 15 हजार फीट तक पहुंच गया था। इन दावों की अभी जांच की जा रही है।
फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा में भी विमान की ऊंचाई और वर्टिकल स्पीड में असामान्य बदलाव दर्ज किए गए। 7700 इमरजेंसी कोड सक्रिय होने से पहले विमान की वर्टिकल स्पीड करीब -30,000 से +10,000 फीट प्रति मिनट के बीच बदलती रही। रिपोर्टों के मुताबिक, सामान्य कमर्शियल उड़ानों की तुलना में यह बदलाव काफी असामान्य था।
कुछ समय बाद विमान करीब 21,650 फीट की ऊंचाई तक वापस पहुंचा, लेकिन फिर इसकी ऊंचाई दोबारा कम होने लगी। विमान 14 हजार फीट से भी नीचे चला गया और इसके बाद काफी समय तक करीब 15 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ता रहा।
घटना के दौरान इजरायली अधिकारियों का विमान से कुछ समय तक संपर्क नहीं हो सका। हाईजैक की आशंका को देखते हुए इजरायल ने लड़ाकू विमानों को निगरानी के लिए भेजा। इस दौरान प्रधानमंत्री और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के बीच भी स्थिति को लेकर चर्चा हुई। बाद में प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से बताया गया कि स्थिति नियंत्रण में है और इजरायली यात्रियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
विमान को उसके निर्धारित मार्ग से हटाकर सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया। वहां उतरने के बाद सऊदी सुरक्षा बलों ने विमान को घेर लिया। फ्लाईदुबई ने भी FZ1073 में एक घटना होने की पुष्टि की और बताया कि विमान तबुक में सुरक्षित उतर गया है।
एयरलाइन के अनुसार, विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और उनकी जानकारी उपलब्ध है। कंपनी ने कहा कि वह संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर मामले की जांच में सहयोग कर रही है। कॉकपिट में हुई घटना, इमरजेंसी कोड सक्रिय होने और विमान की ऊंचाई में आए बदलाव के पीछे की पूरी वजह अभी जांच का विषय है।

Post a Comment