इंदौर में गणेश उत्सव के दौरान जयरामपुर कॉलोनी रोड पर सड़क पर पंडाल लगाने के मामले में हाई कोर्ट की इंदौर बेंच ने पुलिस और प्रशासन से जवाब मांगा है। कोर्ट ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के लिए सड़क का उपयोग होने से आम लोगों की आवाजाही और यातायात प्रभावित नहीं होना चाहिए।

मंगलवार को जस्टिस संदीप एन. भट्ट की सिंगल बेंच में मामले की सुनवाई हुई। याचिका मनोज विरुद्ध मप्र शासन एवं अन्य के नाम से दायर की गई है। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता ने अपना पक्ष रखा।

याचिका में बताया गया कि गणेश उत्सव के दौरान सड़क पर पंडाल लगाए जाने से वहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी होती है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। याचिकाकर्ता ने सड़क पर आयोजन की अनुमति रोकने और नगर निगम की पानी की टंकी के पास स्थित खुले भूखंड पर गणेश उत्सव आयोजित करने की अनुमति देने के निर्देश मांगे हैं।

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि सड़क पर पंडाल होने से आम लोगों के आवागमन में परेशानी हो सकती है। धार्मिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी, सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग और तेज आवाज में संगीत जैसे कारण भी यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर सकते हैं।

कोर्ट ने कहा कि सभी समुदायों को अपने धार्मिक त्योहार मनाने का अधिकार है, लेकिन आयोजनों की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिससे आम लोगों को अनावश्यक परेशानी या असुविधा न हो।

हाई कोर्ट ने नगर निगम, पुलिस और संबंधित अधिकारियों से धार्मिक आयोजनों के लिए स्पष्ट नीति और नियम तय करने पर विचार करने को कहा है। इसमें आयोजन की अनुमति देने की प्रक्रिया, उसकी सीमाएं और शर्तें स्पष्ट की जा सकती हैं। साथ ही, नियमों के उल्लंघन या बिना अनुमति आयोजन होने की स्थिति में की जाने वाली कार्रवाई का भी प्रावधान तय करने पर विचार किया जा सकता है।

कोर्ट ने मामले में संबंधित पक्षों को नोटिस जारी करते हुए चार सप्ताह में जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। अगली सुनवाई में दूसरे पक्ष को सुनने के बाद कोर्ट यह भी तय कर सकता है कि मामले को जनहित याचिका के रूप में लिया जाए या नहीं और इसकी सुनवाई का दायरा बढ़ाया जाए।

यह मामला केवल जयरामपुर कॉलोनी के गणेश पंडाल तक सीमित नहीं है। कोर्ट की टिप्पणियों से सड़क पर होने वाले धार्मिक आयोजनों के दौरान आमजन की सुविधा, यातायात व्यवस्था और अनुमति की स्पष्ट शर्तों को लेकर नीति की जरूरत का मुद्दा सामने आया है।


Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post